खुरई महोत्सव-2026: 5 से 7 अप्रैल तक सजेगा किला मैदान, कैलाश खेर सहित कई बड़े कलाकार देंगे प्रस्तुतियां

खुरई। नगर का प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन खुरई महोत्सव-2026 इस वर्ष 5 से 7 अप्रैल तक तीन दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में किला मैदान में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने जनपद कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में कहा कि खुरई महोत्सव क्षेत्र की पहचान बन चुका है और इसे सफल बनाने में सभी अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि मिलकर योगदान देंगे। उन्होंने बताया कि वर्षों से आयोजित हो रहे इस महोत्सव ने सांस्कृतिक, धार्मिक और आर्थिक दृष्टि से विशेष महत्व हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक किला मैदान को पुनः विकसित कर उसका पुराना वैभव लौटाया गया है, जिससे यह स्थान अब प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रहा है। यहां आयोजित महोत्सव अब जिले और प्रदेश स्तर का बड़ा आयोजन बन चुका है, जिसमें देश के नामी कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देते रहे हैं।

इस वर्ष महोत्सव में 5 अप्रैल को प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, 6 अप्रैल को बॉलीवुड सिंगर अकासा और 7 अप्रैल को सिने गायक नीरज श्रीधर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। परीक्षाएं समाप्त होने के कारण इस बार दर्शकों की संख्या अधिक रहने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

महोत्सव के दौरान छोटे व्यापारियों के लिए किले के पास स्थित मंडी क्षेत्र और महाकाली टीन शेड में दुकानें लगाई जाएंगी। महिला स्व-सहायता समूहों को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि वे अपने उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय कर सकें।

बैठक में स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, मंच व्यवस्था और सौंदर्यकरण जैसे सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। किला मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिससे सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम शैली की सीढ़ीनुमा बैठक व्यवस्था भी तैयार की गई है।

इसके अलावा डॉ. आंबेडकर संग्रहालय को भी आकर्षक रूप से सजाया गया है, ताकि आगंतुक वहां का भी अवलोकन कर सकें। अब तक 85 दुकानों का पंजीयन हो चुका है और यह प्रक्रिया जारी है।

भूपेन्द्र सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया जाए। वहीं स्थानीय नागरिकों से भी महोत्सव के दौरान अपने घरों को दीपावली की तरह सजाने का आह्वान किया गया।

बैठक के बाद विधायक ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ किला मैदान पहुंचकर मां बीजासन मंदिर में दर्शन किए और तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

Next Post

सातऊ में सड़क किनारे शीतल प्याऊ का हुआ शुभारंभ

Fri Apr 3 , 2026
ग्वालियर। ग्राम सातऊ में योजना आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद से संबद्ध नवांकुर संस्था सफल युवा मंडल द्वारा गर्मियों में आमजनों एवं पशुओं को राहत प्रदान करने के लिए शीतल जल सेवा प्याऊ का शुभारंभ किया है। साथ ही जल गंगा संवर्धन पर संगोष्ठी आयोजित […]

You May Like

मनोरंजन