आधिकारिक तौर बुल्गारिया की मुद्रा बना यूरो

सोफिया, 01 जनवरी (वार्ता) बुल्गारिया ने नये साल के दिन गुरुवार को यूरोज़ोन में शामिल होकर यूरो को अपनी आधिकारिक मुद्रा के रूप में अपना लिया। इससे यह यूरो क्षेत्र का 21वां सदस्य बन गया है।
यूरो ने बुल्गारिया की आधिकारिक मुद्रा के तौर पर लेव की जगह ली है। नयी मुद्रा में और आसानी से बदलाव सुनिश्चित करने के लिये बुल्गारियाई लेव जनवरी महीने के दौरान यूरो के साथ चलन में रहेगा। एक फरवरी से यूरो देश की एकमात्र कानूनी मुद्रा बन जाएगी। एक जनवरी से 30 जून तक बैंकों और डाकघरों में लेव को यूरो में बदलने पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। इस अवधि के बाद मुद्रा विनिमय पर शुल्क लगेगा। बुल्गारियाई राष्ट्रीय बैंक ने कहा है कि वह लेव को यूरो में अनिश्चित काल तक बदलेगा। जब तक आवश्यक होगा यह प्रक्रिया जारी रहेगी। बैंक ने यह भी कहा कि यूरो और लेव में सामान और सेवाओं की अनिवार्य दोहरी कीमत आठ अगस्त, 2026 को समाप्त हो जाएगी।

अधिकारियों और विशेषज्ञों ने इस प्रक्रिया पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। बुल्गारिया के वस्तु विनिमय और बाजार पर राज्य आयोग के अध्यक्ष व्लादिमीर इवानोव ने एक संक्षिप्त बैठक में 2025 को बाजार स्थिरीकरण का वर्ष बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2026 भी इसी तरह शुरू होगा, “खासकर यूरो की शुरुआत के साथ लेनदेन लागत कम होने के बाद।” उल्लेखनीय है कि 2007 में बुल्गारिया के यूरोपीय संघ में शामिल होने के बाद से ही बुल्गारियाई सरकार के लिए यूरोज़ोन में शामिल होना एक केंद्रीय प्राथमिकता रही है। चार जून 2025 को ही यूरोपीय आयोग ने घोषणा की कि बुल्गारिया ने सभी जरूरी मानदंडों को पूरा कर लिया है। आठ जुलाई को यूरोपीय संघ की परिषद ने औपचारिक रूप से एक जनवरी, 2026 से प्रभावी बुल्गारिया द्वारा यूरो को अपनाने को मंजूरी दे दी।

Next Post

वेनेजुएला के 'शैडो फ्लीट' पर अमेरिका के नये प्रतिबंधों से भारतीय रिफाइनरियों के समक्ष नयी चुनौतियां

Thu Jan 1 , 2026
वाशिंगटन/नयी दिल्ली, 01 जनवरी (वार्ता) अमेरिकी वित्त विभाग द्वारा बुधवार को वेनेजुएला में निकोलस मादुरो की सरकार के ‘शैडो फ्लीट’ से जुड़ी चार शिपिंग कंपनियों और चार तेल टैंकरों पर नये प्रतिबंधों की घोषणा के बाद निजी क्षेत्र की भारतीय रिफाइनरियां आपूर्ति श्रृंखला में फिर से व्यवधान से निपटने की […]

You May Like