लंदन, 18 अगस्त (वार्ता) ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टारमर बिना किसी शर्त के रूस-यूक्रेन शांति समझौते का समर्थन करने को तैयार हैं। समाचार पत्र ‘द गार्जियन’ की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गयी है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के बीच एंकोरेज शिखर सम्मेलन के परिणामों पर प्रतिक्रिया करते हुये श्री स्टारमर ने उस बातचीत के परिणामों का स्वागत किया जिसमें विशेष रूप से युद्धविराम के बजाय पूर्ण शांति स्थापित करने पर ज़ोर दिया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा , “हमने हमेशा कहा है कि हम यूक्रेन के लिए एक स्थायी और ऐसी शांति व्यवस्था के पक्ष में है जो यह सुनिश्चित करे कि यूरोप में शांति लौट आए और यूक्रेनी लोग फिर से बिना किसी डर के रह सकें।”
उन्होंने आगे कहा कि संसद को उम्मीद है “ऐसा समझौता जो जल्द से जल्द हो, लेकिन हत्याओं को समाप्त करे और उसे सुरक्षा गारंटी द्वारा समर्थित स्थायी शांति में तब्दील करे, एक महत्वपूर्ण सकारात्मक कदम होगा।”
प्रधानमंत्री के प्रवक्ता से जब पूछा गया कि क्या यह यूक्रेन के प्रति ब्रिटेन के रुख में बदलाव को दर्शाता है तो उन्होंने कहा, “हम लोगों के मारे जाने की घटनाओं का अंत देखना चाहते हैं। अगर आप एक ही झटके में हो रही मौतों को रोक सकते हैं और स्थायी शांति स्थापित कर सकते हैं, तो और भी बेहतर होगा।”
गौरतलब है कि ब्रिटेन का रुख अभी भी अधिकांश यूरोपीय देशों के रुख के अनुरूप है, जो ट्रम्प के इनकार के बावजूद यूक्रेन के नाटो में शामिल होने का समर्थन करता है और इस बात का पक्षधर है कि किसी भी शांति समझौते में यूक्रेन की भागीदारी आवश्यक है।
प्रवक्ता के अनुसार यूक्रेन के नाटो या यूरोपीय संघ में प्रवेश के संबंध में रूस के पास वीटो शक्ति नहीं होनी चाहिए। जब प्रवक्ता से पूछा गया कि क्या शांति के लिए क्षेत्रों का आदान प्रदान स्वीकार्य है, तो उन्होंने कहा कि यह यूक्रेन को तय करना है और “अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को बलपूर्वक नहीं बदला जाना चाहिए।”
