ढाका, 18 अगस्त (वार्ता) बंगलादेश के राष्ट्रीय चुनावों के लिए रोडमैप इस सप्ताह के अंत तक प्रस्तुत किया जाएगा। बंगलादेश चुनाव आयोग ने आज इसकी पुष्टि की।
आयोग के वरिष्ठ सचिव अख्तर अहमद ने कहा, “आगामी राष्ट्रीय चुनाव के लिए मसौदा कार्ययोजना को अंतिम रूप दे दिया गया है और पूरा रोडमैप इसी सप्ताह प्रकाशित किया जाएगा।”
‘बिज़नेस स्टैंडर्ड बंगलादेश’ की रिपोर्ट के अनुसार आयोग के सचिव ने कहा कि 82 निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन पर सुनवाई 24 अगस्त से शुरू होगी और लगातार चार दिनों तक चलेगी। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की संख्या में कोई वृद्धि नहीं की जायेगी।
उन्होंने कहा, “प्रत्येक मतदान केंद्र पर 3,000 मतदाता मतदान कर सकेंगे। इसके अलावा, जहाँ पहले एक मतदान केंद्र पर 500 मतदाता मतदान करते थे, अब 600 मतदाता मतदान कर सकेंगे।”
आयोग ने शुक्रवार को कहा था कि चुनाव कार्यक्रम दिसंबर के पहले पखवाड़े में घोषित किया जाएगा। आयोग अब निकाय संसदीय क्षेत्रों का पुनर्निर्धारण कर रहा है और प्रवासी मतदाताओं के लिए व्यवस्था कर रहा है।
श्री अख्तर ने बताया कि पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले 22 राजनीतिक दलों की गतिविधियों की पुष्टि के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों को पत्र भेजे गए हैं।
