योग्य हाथों में है एनटीए की कमान : प्रधान

नयी दिल्ली 15 मई (वार्ता) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कमान योग्य हाथों में है और वह हर साल करीब एक करोड़ छात्रों की परीक्षाएं सफलतापूर्वक कराती है। श्री प्रधान ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एनटीए की कमान योग्य हाथों में है। यह एजेंसी शीर्ष न्यायालय की सिफारिशों पर बनी है और हर साल करीब एक करोड़ छात्रों की परीक्षाएं सफलतापूर्वक कराती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार भविष्य में एनटीए की परीक्षाओं में जीरो एरर सुनिश्चित करेगी। उन्होंने माना कि एनटीए में सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि कुछ ऐसे सवाल पेपर में आए थे, जो पहले से प्रसारित गेस पेपर से मिलते-जुलते थे। इसी वजह से परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति ‘कदाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’ की है। परीक्षा माफिया, असामाजिक तत्व और तकनीक के जरिए फैलाए जा रहे भ्रम आज बड़ी चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आयी है , लेकिन सरकार सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कि नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी और छात्रों को 14 जून तक प्रवेश पत्र जारी कर दिए जाएंगे। अगले वर्ष से नीट परीक्षा ओएमआर शीट के बजाय कंप्यूटर आधारित मोड में कराई जाएगी। साथ ही इस बार दोबारा परीक्षा देने वाले छात्रों को अपनी सुविधा के अनुसार परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा, ताकि उन्हें यात्रा और अन्य परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि गत 03 मई को आयोजित परीक्षा के बाद 07 मई को कुछ शिकायतें सामने आई थीं, जिसके बाद सरकार ने तत्काल जांच शुरू कर दी। जांच में 12 मई तक यह स्पष्ट हो गया कि “गेस पेपर” के नाम पर असली प्रश्नपत्र के सवाल बाहर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि शिक्षा माफिया की वजह से किसी मेहनती और ईमानदार छात्र का भविष्य प्रभावित हो। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। परीक्षा माफियाओं के खिलाफ सरकार की लड़ाई जारी रहेगी और इस बार जांच एजेंसियां पूरी सख्ती से कार्रवाई करेंगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों को कठोर दंड भुगतना पड़ेगा।
केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में फर्जी खबरें बड़ी चुनौती बन चुकी हैं, इसलिए छात्र और अभिभावक केवल सरकार या एनटीए की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Next Post

रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं रूस और भारत : लावरोव

Fri May 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए रूस और भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। श्री लावरोव ने ब्रिक्स देशों की बैठक के बाद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए बताया […]

You May Like