रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं रूस और भारत : लावरोव

नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने शुक्रवार को कहा कि रूसी पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बढ़ाने के लिए रूस और भारत पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। श्री लावरोव ने ब्रिक्स देशों की बैठक के बाद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि दोनों देश पेट्रोलियम पदार्थों, उर्वरकों की आपूर्ति बढ़ाने और शांतिपूर्ण परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देने के इच्छुक हैं। इसके साथ ही, भारत में परमाणु ऊर्जा संयंत्र के अतिरिक्त ब्लॉकों के निर्माण और व्यापार-निवेश सहयोग पर भी विस्तृत चर्चा हुई है। रूसी विदेश मंत्री ने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य और तकनीकी सहयोग हमेशा की तरह उच्च स्तर पर है, जिसके तहत अत्याधुनिक रक्षा प्रौद्योगिकियों पर आधारित आधुनिक हथियारों का संयुक्त उत्पादन किया जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्ष 2026 में रूस का दौरा करेंगे और दोनों पक्ष इस शिखर सम्मेलन की तैयारियां कर रहे हैं।

श्री लावरोव ने सुझाव दिया कि वर्तमान ब्रिक्स अध्यक्ष होने के नाते भारत अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं और क्षेत्रीय निर्भरता को देखते हुए ईरान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी-इजरायली हमले का उद्देश्य उसे अन्य अरब देशों के साथ संबंध सामान्य करने से रोकना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की चीन यात्रा और अमेरिका-चीन व्यापार संबंधों पर श्री लावरोव ने कहा कि रूस तीसरे देशों के आपसी मामलों में हस्तक्षेप नहीं करता है और वह ‘फूट डालो और राज करो’ की पश्चिमी राजनीति का हिस्सा नहीं बनेगा।

Next Post

अमीरात की सफल यात्रा के बाद नीदरलैंड रवाना हुए मोदी

Fri May 15 , 2026
नयी दिल्ली ,15 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात की संक्षिप्त यात्रा के समापन के बाद शुक्रवार को चार यूरोपीय देशों की यात्रा के पहले चरण में नीदरलैंड रवाना हो गये। अमीरात की अपनी यात्रा को सार्थक बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों की समग्र रणनीतिक […]

You May Like