मंदसौर को मिली आधुनिक जिला जेल की सौगात, 132 करोड़ की लागत से बनेगी 1000 कैदियों की क्षमता वाली जेल

मंदसौर। जिले को जल्द ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नई जिला जेल की सौगात मिलने जा रही है। लगभग 132.67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 1000 कैदियों की क्षमता की नवीन जिला जेल को शासन स्तर पर अंतिम स्वीकृति मिल गई है। मुख्य सचिव की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई। इस स्वीकृति के पीछे कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के विशेष प्रयास और लगातार किए गए अनुश्रवण को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार वर्तमान जेल की सीमित क्षमता और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए नई जेल का निर्माण ग्राम भूकी में किया जाएगा। यह स्थान वर्तमान उपजेल से करीब 8 किलोमीटर दूर स्थित है। जेल विभाग को पूर्व में आवंटित 15.85 हेक्टेयर भूमि पर यह आधुनिक जेल परिसर विकसित किया जाएगा।

नवीन जेल में कैदियों के लिए पर्याप्त संख्या में बैरकों के साथ प्रशासनिक भवन, प्रवेश भवन, ऑडिटोरियम, प्रशिक्षण केंद्र, वर्कशॉप, अस्पताल, महिला झूलाघर, गार्ड रूम, खुली जेल, वॉच टावर, भंडार गृह तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

जेल निर्माण के लिए ग्राम भूकी स्थित खसरा क्रमांक 21, 24, 27 एवं 28 की कुल 15.85 हेक्टेयर भूमि पूर्व से ही जेल विभाग को आवंटित है। इसी भूमि पर संपूर्ण आधुनिक जेल परिसर का विकास प्रस्तावित है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह परियोजना जिले की न्यायिक एवं कारागार व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगी। इससे कैदियों के आवास, सुरक्षा, प्रशिक्षण एवं पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं में गुणात्मक सुधार होगा, वहीं भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक और सुव्यवस्थित कारागार प्रणाली विकसित हो सकेगी।

कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने बताया कि शासन से अंतिम स्वीकृति प्राप्त होने के बाद निर्माण कार्य से संबंधित आगामी प्रक्रियाएं शीघ्र प्रारंभ की जाएंगी। उन्होंने इसे जिले के आधारभूत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Next Post

लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का सामूहिक संकल्प : जिला मुख्यालय पर कांग्रेस का उपवास एवं धरना-प्रदर्शन

Wed Jun 10 , 2026
मंदसौर। पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय पर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं जिले की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों द्वारा सामूहिक उपवास एवं धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि […]

You May Like