नयी दिल्ली, 17 अगस्त (वार्ता) दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने सोमवार को आयरलैंड की सोफिया नोबल को सीधे गेम में हराकर महिला सिंगल्स के दूसरे राउंड में आसानी से जगह बनाते हुए, ऐतिहासिक छठे वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल के लिए अपनी दावेदारी की शानदार शुरुआत की।
नौवीं वरीयता प्राप्त और पांच बार की वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडलिस्ट सिंधु ने नोबल को 21-7, 21-11 से हराकर आसानी से जीत हासिल की। इस भारतीय खिलाड़ी के नाम दो ब्रॉन्ज मेडल, दो सिल्वर मेडल और एक गोल्ड मेडल (जो उन्होंने 2019 में जीता था) दर्ज हैं। इस बड़े इवेंट में सेमीफाइनल में पहुंचने पर उनका कम से कम ब्रॉन्ज मेडल पक्का हो जाएगा और वह वर्ल्ड चैंपियनशिप के इतिहास में छह मेडल जीतने वाली पहली खिलाड़ी बन जाएंगी।
केवल दो अन्य खिलाड़ियों ने पांच वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीते हैं — चीन के लिन डैन, जिनके नाम पांच मेन्स सिंगल्स गोल्ड हैं, और उनके देश के झाओ युनलेई, जिन्होंने तीन मिक्स्ड डबल्स और दो विमेंस डबल्स खिताब जीते हैं। सिंधु ने शुरू से ही अपनी कमज़ोर मानी जा रही प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बनाए रखा और 29 मिनट में आसानी से मैच जीत लिया।
उन्होंने शुरू से आखिर तक मैच पर पकड़ बनाए रखी। अपने अनुभव और धैर्यपूर्ण खेल से उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को कोर्ट पर दौड़ने के लिए मजबूर किया। नोबल से हुई गलतियों का फायदा उठाकर वे पहले गेम के ब्रेक तक 11-2 से आगे हो गईं और आसानी से गेम जीत लिया।
हालांकि, दूसरे गेम में सिंधु को कड़ी टक्कर मिली। नोबल ने अपना खेल बेहतर किया और भारतीय खिलाड़ी के साथ बराबरी की टक्कर दी, लेकिन सिंधु ने अपने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली। ब्रेक के बाद सिंधु ने प्रतिद्वंद्वी को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने चालाकी भरे ड्रॉप शॉट्स और स्मैश से रैलियों पर दबदबा बनाए रखा और नेट के पास से एक बेहतरीन बैकहैंड ड्रॉप शॉट के साथ मैच खत्म किया।
अगले दौर में सिंधु का सामना कनाडा की वेन यू झांग से होगा, जिन्होंने बुल्गारिया की स्टेफनी स्टोएवा को 21-7, 21-19 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
इस बीच कॉमनवेल्थ गेम्स की ब्रॉन्ज़ मेडल विजेता ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का पहला राउंड भी आसान रहा। उन्होंने महिला डबल्स में स्पेन की पाउला लोपेज़ और लूसिया रोड्रिगेज़ की जोड़ी को 21-9, 21-13 से हराया। भारतीय जोड़ी का मुकाबला अमेरिका की 16वीं वरीयता प्राप्त लॉरेन लैम और एलिसन क्विन ली से होगा।
इस इवेंट में भारत के पहले मैच में, हरिहरन अम्साकरुणन और एमआर अर्जुन दूसरे दौर में पहुंच गए। पुरुष डबल्स में उनके प्रतिद्वंद्वी स्कॉट गिल्डिया और पॉल रेनॉल्ड्स 21-16, 6-4 से पीछे रहने के बाद मैच से हट गए। अगले दौर में उनका मुकाबला कोरिया के 15वीं वरीयता प्राप्त मिन ह्युक कांग और डोंग जू की से होगा, जिन्हें पहले दौर में बाई मिली थी।
पुरुष डबल्स की स्टार जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, जो पांचवीं वरीयता प्राप्त हैं, को दूसरे दौर में सीधे प्रवेश मिला है, जहां उनका सामना स्कॉटलैंड के अलेक्जेंडर डन और एडम प्रिंगल से होगा।
