प्योंगयांग, 22 सितंबर (वार्ता) उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते अमेरिका उत्तर कोरिया से परमाणु शस्त्रागार त्यागने की अपनी मांग को छोड़ दे।
श्री किम जोंग ने रविवार को सुप्रीम पीपुल्स असेंबली में बोलते हुए कहा कि परमाणु हथियार उनके देश की सुरक्षा के लिए अनिवार्य और अपरिहार्य हैं।
उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने श्री किम जोंग के हवाले से अपनी रिपोर्ट में कहा, “अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की यादें आज भी मेरे ज़ेहन में ताज़ा हैं।” उन्होंने श्री ट्रम्प के पहले कार्यकाल के दौरान हुई तीन मुलाकातों को याद किया। उधर, विश्लेषकों ने कहा है कि इस साल जनवरी में श्री ट्रम्प के पदभार ग्रहण करने के बाद से यह पहली बार था जब श्री किम जोंग ने उनका नाम लिया था।
श्री किम जोंग ने अपने संबोधन को एक सशर्त निमंत्रण के रूप में प्रस्तुत किया और कहा कि अमेरिका परमाणु निरस्त्रीकरण पर ज़ोर देने के बजाय ‘शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व’ की चाहत रखे, तो बातचीत संभव है। उन्होंने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के हालिया प्रस्तावों को अस्वीकार कर दिया और उन पर उनके शासन को कमज़ोर करने के प्रयासों का आरोप लगाया।
