मुंबई, 22 सितंबर (वार्ता) निजी तथा सार्वजनिक बैंकों के डॉलर खरीद बढ़ाने से रुपया सोमवार को 12.75 पैसे कमजोर हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 88.2875 रुपये के भाव बोला गया।
भारतीय मुद्रा पिछले कारोबारी दिवस पर 4.50 पैसे की मजबूती के साथ 88.16 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपया आज चार पैसे की गिरावट में 88.20 रुपये प्रति डॉलर पर खुला और दोपहर से पहले 88.12 रुपये प्रति डॉलर तक मजबूत हुआ। हालांकि बाद में बैंकों के अमेरिकी मुद्रा की खरीद बढ़ाने से यह 88.3450 रुपये प्रति डॉलर तक टूटकर अंत में 88.2875 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में शुद्ध रूप से पैसा लगाने और दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर में रही नरमी से रुपये की गिरावट कम रही। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी रुपये को समर्थन मिला।
