चालू वित्त वर्ष में ओपेक देशों से कच्चा तेल आयात बढ़ा

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीने में अप्रैल से अगस्त के बीच पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन ओपेक के सदस्य देशों से भारत के कच्चा तेल आयात में वृद्धि देखी गयी।

सरकार के सोमवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अप्रैल से अगस्त के बीच कुल कच्चा तेल आयात 1,011.24 लाख टन रहा जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 0.7 प्रतिशत कम है। इसमें ओपेक से आयात की हिस्सेदारी बढ़कर 48.6 प्रतिशत हो गयी। एक साल पहले यह आंकड़ा 45.3 प्रतिशत था।

अप्रैल से अगस्त के बीच पश्चिम एशिया के देशों से सबसे अधिक 44.4 प्रतिशत आयात किया गया। इसके बाद 38.8 प्रतिशत के साथ यूरेशियाई देशों का स्थान रहा। उत्तरी अमेरिका से आयात 6.7 प्रतिशत रहा।

उल्लेखनीय है कि देश का कच्चा तेल आयात अगस्त में सालाना आधार पर 2.9 प्रतिशत घटकर 196.03 लाख टन रह गया। वहीं, कच्चे तेल और कंडेंसेट का घरेलू उत्पादन अगस्त में सालाना आधार पर 0.6 प्रतिशत घटकर 24 लाख टन रहा।

आयात और घरेलू उत्पादन घटने के बावजूद अगस्त 2025 में कच्चे तेल के शोधन में तीन प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गयी और यह 223 लाख टन हो गया। सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों और उनके संयुक्त उपक्रमों ने इसमें 150 लाख टन तेल शोधन किया जबकि निजी रिफाइनरियों ने 73 लाख टन कच्चे तेल का शोधन किया। आंकड़ों में बताया गया है कि देश में अगस्त में पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन 2.35 करोड़ टन रहा जो एक साल पहले के मुकाबले 3.4 प्रतिशत अधिक है।

पेट्रोलियम, तेल एवं लुब्रिकेंट (पीओएल) उत्पादन में 41.5 प्रतिशत डीजल और 18.4 प्रतिशत पेट्रोल शामिल है। इसके आलावा 6.2 प्रतिशत नेप्था, 5.8 प्रतिशत विमान ईंधन, पांच प्रतिशत पेट कोक और 4.5 प्रतिशत रसोई गैस का उत्पादन हुआ।

वहीं, देश से पेट्रोलियम पदार्थों का निर्यात अगस्त में 11.2 प्रतिशत बढ़ा और 56.62 लाख टन हो गया।

Next Post

गौतम सोलर ने 630 वाट क्षमता के सोलर पैनल पेश किये

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) सौर विद्युत पैनल (पाल) और माड्यूल बनाने वाली देश की अग्रणी कंपनी गैतम सोलर ने साेमवार को कहा है कि उसने 603 वाटर पैन (डब्ल्यूपी) क्षमता के टॉपकान सोलर माड्यूल तैयार किये हैं। कंपनी ने एक विज्ञप्ति में कहा कि एन-टाइप टॉपकान ( टनेल ऑक्साइड […]

You May Like