सिंगरौली: रविवार को घर से फुटबॉल खेलने निकला 15 वर्षीय किशोर गुलाम वारिस की संदिग्ध परिस्थितियों में कुंड में डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह उसका शव बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।मृतक गुलाम वारिस मोहम्मद जुल्फिकार का इकलौता बेटा था और क्राइस्ट ज्योति स्कूल का कक्षा 10वीं का छात्र था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक छोटी बहन है।परिजनों के अनुसार रविवार सुबह 6 बजे गुलाम वारिस अपने दोस्तों—अभिनेन्द्र, प्रतीक और रवि के साथ फुटबॉल खेलने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन बाद में वह झिगुरदा स्थित हनुमान मंदिर के पीछे बने कुंड में नहाने चला गया।
सुबह 9:00 बजे जब उसके पिता धनबाद से लौटे तो गुलाम को घर में ना पाकर करके उन्होंने उसे संपर्क करना चाहा, जिसे लेकर उसके दोस्तों को भी फोन किया गया परंतु उन्होंने उनका फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसके दोस्तों के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी मिली। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे और लापता गुलाम वारिस की तलाश शुरू की गई।
घटना को लेकर परिजनों का शक उस समय और गहराया जब गुलाम वारिस का फुटबॉल घटनास्थल से काफी दूर सड़क किनारे पड़ा मिला। जबकि दोस्तों का कहना था कि उसे बचाने के लिए फुटबॉल पानी में फेंकी गई थी। परिवार का आरोप है कि उनके बेटे के साथ क्या हुआ, इस बारे में उसके दोस्त सही जानकारी नहीं दे रहे हैं और मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।रविवार देर शाम तक लोग मोरवा से दूर जंगलों के बीच बने कुंड के पानी में टायर की नाव बनाकर खोजबीन करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
इधर सोमवार सुबह बनारस से चली एनडीआरएफ टीम की राह देख रहे परिवार ने एक बार फिर से स्वम सर्च ऑपरेशन शुरू किया और करीब 8:30 पर कुंड से किशोर का शव बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना पर अनपरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की।बताया जा रहा है कि परिजनों ने मोरवा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज करा दी थी। चूंकि घटनास्थल उत्तर प्रदेश क्षेत्र में आता है, इसलिए अनपरा पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज रही है और सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
