छात्रावास प्रवेश में मेरिट से होगा चयन, सिफारिश और पक्षपात बर्दाश्त नहीं : विधायक सेना महेश पटेल

आलीराजपुर। आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत जोबट ब्लॉक के शासकीय छात्रावासों में रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया सोमवार को विधायक महेश पटेल की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि छात्रावास में प्रवेश पूरी तरह मेरिट और शासन के निर्धारित नियमों के आधार पर दिया जाएगा। किसी भी पात्र विद्यार्थी के साथ अन्याय नहीं होगा और न ही किसी प्रकार की सिफारिश या पक्षपात को स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अनाथ एवं दिव्यांग विद्यार्थियों को शासन के प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकता दी गई है।

उन्होंने अधिकारियों और छात्रावास अधीक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ एवं सुरक्षित आवास, नियमित अध्ययन की सुविधा और अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी छात्रावास से भोजन, सुरक्षा या अन्य व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत मिली तो संबंधित अधिकारी एवं अधीक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने कहा कि छात्रावास आदिवासी अंचल के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव हैं। प्रवेश प्रक्रिया के बाद भी छात्रावासों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलती रहें। इस दौरान अभिभावकों ने मेरिट आधारित और पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया की सराहना की।

Next Post

पहली बारिश में खुली अमृत योजना की पोल, गांधीनगर की सड़कें बनीं मुसीबत

Mon Jun 29 , 2026
मंदसौर। शहर के वार्ड क्रमांक 39 स्थित गांधीनगर क्षेत्र में अमृत योजना के तहत चल रहे सीवरेज निर्माण कार्य की स्थिति पहली ही बारिश में सवालों के घेरे में आ गई है। रविवार को हुई बारिश के बाद क्षेत्र की कई सड़कें जलभराव और कीचड़ से भर गईं, जिससे आमजन […]

You May Like