
ए.आर. रहमान के नेतृत्व में शुरू होने वाला यह शो प्रतिभागियों की गायन क्षमता, मंचीय प्रस्तुति और संगीत के प्रति उनकी रचनात्मकता को केंद्र में रखेगा। शो का निर्माण फ़्रीमैन्टल इंडिया ने किया है और यह सोनी विझा के साथ सोनी लिव पर भी उपलब्ध होगा। ‘तमिल आइडल’ की आधिकारिक शुरुआत करते हुए ए.आर. रहमान ने 18 अगस्त से ऑडिशन शुरू होने की घोषणा की। तमिलनाडु के इच्छुक गायक सोनी लिव ऐप के माध्यम से ऑनलाइन ऑडिशन के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।
ए.आर. रहमान ने कहा, “म्यूजिक के केंद्र में नई आवाज़ों की खोज होती है-ऐसी आवाज़ें जो लाखों लोगों तक पहुंचती हैं। इस यात्रा के दौरान हम नई प्रतिभा, ताजा दृष्टिकोण और पीढ़ियों की अनकही कहानियों को उजागर करते हैं। तमिल आइडल के साथ पहली बार हम तमिलनाडु की असाधारण आवाज़ों को एक साथ लाते हैं और उन्हें सम्मानित किए जाने का मंच प्रदान करते हैं।
” इच्छुक प्रतिभागियों को सोनी लिव ऐप पर ‘तमिल आइडल’ ऑडिशन सेक्शन चुनकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी के साथ पंजीकरण करना होगा। इसके बाद उन्हें गायन की अलग-अलग शैलियों में अपनी प्रतिभा और विविधता प्रदर्शित करने वाले तीन वीडियो अपलोड करने होंगे। सोनी विझा के इस फ्लैगशिप ग्लोबल फॉर्मेट का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय मनोरंजन प्रारूप को तमिल दर्शकों तक पहुंचाने के साथ स्थानीय प्रतिभा और संस्कृति की समृद्ध विरासत को भी सामने लाना है।
