
बांदकपुर/दमोह। प्रकृति केवल जीवन का आधार नहीं, बल्कि हमारे पूर्वजों से मिली वह अनमोल धरोहर है। जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सहेजना हमारा परम धर्म है और इसी पावन भावना को साकार करते हुए सिद्ध क्षेत्र बांदकपुर स्थित श्री गोवर्धन पर्वत धेनुवन’ के पावन प्रांगण में एक भव्य व प्रेरणादायी पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार संचालित ‘उल्लास — एक अभिनव पहल’ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में न्यायपालिका, मंदिर प्रबंधन, वेदांग विद्यालय के बटुकों (विद्यार्थियों), प्रकृति प्रेमियों और स्थानीय ग्रामवासियों ने एक साथ मिलकर प्रकृति का श्रृंगार किया। उल्लेखनीय है कि सिद्ध पीठ भगवान श्री जागेश्वर नाथ जी की छत्रछाया में संरक्षित ‘श्री गोवर्धन पर्वत धेनुवन’ केवल एक पौधारोपण स्थल नहीं, बल्कि विगत कई वर्षों से व्यापक वृक्षारोपण, प्रकृति संरक्षण, गौ-संरक्षण और गौ-संवर्धन का एक प्रमुख और निरंतर क्रियाशील केंद्र रहा है।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह के अध्यक्ष सुभाष सोलंकी ने पर्यावरण की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं, जो न केवल हमें प्राणवायु प्रदान करते हैं बल्कि जल संरक्षण, मिट्टी का कटाव रोकने और जलवायु परिवर्तन के खतरों को कम करने में मुख्य भूमिका निभाते हैं; उन्होंने संदेश दिया कि हमारे द्वारा आज लगाया गया एक पौधा केवल एक वृक्ष नहीं बल्कि आने वाली नस्लों के लिए हरित विरासत है और जिस प्रकार पूर्वजों से हमें समृद्ध प्राकृतिक संसाधन मिले हैं, उसी प्रकार भावी पीढ़ी के लिए एक स्वच्छ व सुरक्षित पर्यावरण छोड़कर जाना तथा पौधों की नियमित देखभाल करना हमारा नैतिक दायित्व है।
इसी क्रम में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड व सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती उषाकांता कृषाण ने भी सभी से अपने-अपने परिसरों में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान कानून के संरक्षकों और मंदिर परिवार की साझी सहभागिता देखने को मिली, जिसमें मंदिर प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक, शिवम पाठक, वासु गौतम, संस्कृत वेदांग विद्यालय के बटुक, स्थानीय ग्रामवासी तथा न्यायपालिका व प्रशासन से विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) उदय सिंह मरावी, जिला न्यायाधीशगण संतोष गुप्ता, विश्वनाथ शर्मा, अमर गोयल, धर्मेश भट्ट, पंकज शर्मा, अनुराग सिंह कुशवाहा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री स्नेहा सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेटगण — सुश्री आज्ञा अग्रवाल, नीलेश मुलतकर, सुश्री जूही सिंह, श्रीमती स्मृति सोनी, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौरभ गंधर्व सहित न्यायालीन कर्मचारियों ने धेनुवन परिसर में विभिन्न फलदार व छायादार पौधों का रोपण कर उनके संवर्धन और गौ-सेवा की परंपरा को और अधिक गति देने का सामूहिक संकल्प लिया।
