
सिंगरौली । ननि आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार को मोरवा उप कार्यालय का भ्रमण कर विभागीय कायों, जनसुविधाओं एवं विकास योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की।इस दौरान उन्होंने पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, कार्यालयीन प्रबंधन, अग्निशमन सेवाओं, यातायात व्यवस्था तथा अतिक्रमण नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान क्षेत्रीय पार्षदों से भी विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आयुक्त ने मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश की सीमा पर नगर निगम की पहचान को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक आकर्षक एवं भव्य स्वागत द्वार निर्माण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर ऐसा स्वागत द्वार स्थापित किया जाए, जिस पर म.प्र. नगर निगम आपका स्वागत करता है, अंकित हो। वहीं बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्तियों को तत्काल नोटिस जारी करने तथा आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद गण अन्य मौजूद रहे।
