
आगर-मालवा। आगर-मालवा जिले के कानड़ कस्बे में रविवार दोपहर एक निजी अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार माता मंदिर के समीप पुराने बस स्टैंड के पास स्थित अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर गैस गीजर फटने से विस्फोट हुआ। धमाके के कारण भवन का एक मंजिला हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया तथा कांच की खिड़कियां और दरवाजे टूट गए। मलबा नीचे गली और क्लीनिक परिसर में फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षित किया। थाना प्रभारी राजेश दांगी ने बताया कि प्राथमिक जांच में गैस गीजर के फटने की पुष्टि हुई है। विस्फोट के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। विस्फोट के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए। राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
