मेक्सिको सिटी 27 मई (वार्ता) मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने धन प्रेषण पर अमेरिकी करों की निंदा की है।
सुश्री शिनबाम ने सोमवार को कहा कि वह मेक्सिको को भेजे जाने वाले धन पर कर लगाने से अमेरिकी कानूनों को रोकने के लिए कड़ी पैरवी कर रही हैं।
उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका में मेक्सिको के प्रवासी चाहे उनकी आव्रजन स्थिति कुछ भी हो, करों का भुगतान करके ”अमेरिका की अर्थव्यवस्था को चालू रखते हैं।” ”वे जो कमाते हैं उसका केवल 20 प्रतिशत” धन प्रेषण में जाता है।
उन्होंने दोहरे कराधान से बचने पर 1992 की संधि के बारे में कहा, ”अमेरिका और मेक्सिको के बीच 1992 में एक समझौता हुआ था जिसमें कहा गया था कि कोई दोहरा कराधान नहीं होना चाहिए, जो भेदभावपूर्ण होगा।”
राष्ट्रपति ने कहा कि मैक्सिकन सांसद और गैर-सरकारी संगठन प्रस्तावित कर की खामियों और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर इसके संभावित नकारात्मक प्रभाव को उजागर करने के लिए अथक अभियान चला रहे हैं।
वित्तीय विशेषज्ञों के अनुसार धन प्रेषण पर कर लगाने से अवैध प्रवासियों को मैक्सिको में धन भेजने के अन्य अनौपचारिक साधनों की तलाश करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है, जिससे काला बाजार को बढ़ावा मिलेगा।
