झांसी, (वार्ता) मध्य प्रदेश और पंजाब के बीच 15वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप का खिताबी मुकाबला खेला जायेगा।
आज यहां खेले गये सेमीफाइनल मुकाबलों में मध्यप्रदेश ने मणिपुर और पंजाब ने उत्तर प्रदेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल मैच में मध्य प्रदेश ने मणिपुर को 5-3 से हराकर ग्रैंड फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली। हॉकी मध्य प्रदेश के लिए कप्तान यूसुफ अफान ने(पांचवें, 34वें) और अली अहमद ने (सातवें, 15वें) मिनट में दो-दो गोल किए, जबकि मोहम्मद जैद खान ने (49वें) मिनट में एक गोल किया। मणिपुर के लिए मोइरंगथेम रबीचंद्र सिंह ने (47वें), कप्तान चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम ने (50वें) और लैशराम दीपू सिंह ने (53वें) मिनट में गोल किए।
वही दूसरे सेमीफाइनल मैच में पंजाब ने उत्तर प्रदेश को 4-3 से हराकर करीबी मुकाबले में जीत हासिल की। पंजाब के लिए जसजीत सिंह कुलार ने (14वें, 40वें) मिनट में दो गोल किए, जबकि हरजीत सिंह ने (22वें) और जुगराज सिंह ने (45वें) मिनट में गोल किए। उत्तर प्रदेश के लिए शारदा नंद तिवारी ने (41वें, 43वें) मिनट में दो गोल किए और पवन राजभर ने भी एक गोल किया, लेकिन दुर्भाग्य से वे समय पर बराबरी नहीं कर पाए।
