ग्वालियर: जिले की नगर परिषद मोहना में मुख्यमंत्री शहरी भू-अधिकार योजना के तहत आयोजित हुए पट्टा वितरण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक मोहन सिंह राठौर एवं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कुल 434 महिलाओं व पुरुषों को पट्टे सौंपे। इस अवसर पर नगर परिषद भितरवार के अध्यक्ष राधाकृष्ण धाकड़ व उपाध्यक्ष शहनाज सहित अन्य पार्षद व जनप्रतिनिधिगण एवं एसडीएम राजीव समाधिया मंचासीन थे।
हितग्राहियों को संबोधित करते हुए विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर कच्ची छत को पक्की छत बनाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में नगर परिषद मोहना के 434 हितग्राहियों को आवासीय जमीन का मालिक बनाया गया है। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा घाटीगाँव, मोहना व भितरवार क्षेत्र में विकास के नित नए आयाम स्थापित किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा घाटीगाँव व मोहना क्षेत्र की एक हजार बीघा जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। भितरवार व घाटीगाँव में 46 करोड़ रूपए की लागत से 2 सीएम राइज स्कूलों का निर्माण भी किया जा रहा है।
