सिंगरौली: कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन फेस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी सिम कार्ड सक्रिय करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। यह कार्रवाई साइबर सेल से प्राप्त सूचना और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई।जांच में सामने आया कि ग्राम कटौली निवासी अनिल कुमार रवानी, जो सिम कार्ड बेचने का पीओएस संचालक है, ने एक ही व्यक्ति के चेहरे का उपयोग कर अलग-अलग नाम और पते से सैकड़ों सिम कार्ड फर्जी तरीके से सक्रिय किए। आरोपी ने अपनी मां उर्मिला रवानी के चेहरे की अलग-अलग एंगल से तस्वीरें लेकर करीब 340 सिम कार्ड एक्टिवेट किए, वहीं अन्य लोगों के चेहरों का इस्तेमाल कर कुल लगभग 850 सिम कार्ड तैयार किए गए।
पुलिस जांच में यह भी उजागर हुआ कि इन सिम कार्डों में से 400 से 500 सिम आरोपी सिराज खान उर्फ शेरु को तथा 300 से 400 सिम अन्य व्यक्तियों को पैसों के लालच में बेचे गए। इन सिम कार्डों का उपयोग अवैध गतिविधियों में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।मामले में थाना बैढ़न में अपराध क्रमांक 348/2026 के तहत धारा 419, 468, 471, 34 भादवि, धारा 66(D) आईटी एक्ट एवं धारा 42(3)(e) दूरसंचार अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अनिल कुमार रवानी और सिराज खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।
