
जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत रामपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण के दौरान मचे हंगामे के बाद घमापुर निवासी एक युवक ने पुलिस कर्मियों पर बंद कमरे में बर्बरतापूर्वक पिटाई करने और घंटों अवैध हिरासत में रखने के आरोप लगाया हैं। मामले से जुडा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें पुलिसकर्मी युवक को पीटते नजर आ रहा है।
पीड़ित सोनू उर्फ गौरव कुमार महोलिया के अनुसार, वह कल सुबह अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कराने रामपुर चौक स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुँचा था। लाइन में अपनी बारी का इंतज़ार कर रहे सोनू का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात दो आरक्षकों ने बिना किसी ठोस कारण के उसे लाइन से बाहर धकेल दिया। सोनू का आरोप है कि पुलिस उसे जबरन रामपुर चौकी ले गई, जहाँ एक बंद कमरे में उसकी निर्दयता से पिटाई की गई। गौरव ने बताया कि उसे सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिना किसी कानूनी आधार के हिरासत में रखा गया। हद तो तब हो गई जब वह न्याय की गुहार लगाने थाने पहुँचा। पीड़ित का दावा है कि पुलिस ने उस पर ही दबाव बनाया और शिकायत वापस न लेने पर झूठा मामला दर्ज करने की धमकी दी। दूसरी ओर गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मामले को अलग मोड़ दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, बैंक में अमरनाथ यात्रा के लिए भारी भीड़ थी और कतार लंबी थी। इसी दौरान सोनू ने लाइन तोड़कर सबसे आगे घुसने का प्रयास किया, जिससे वहां मौजूद अन्य आवेदकों में भारी आक्रोश पैदा हो गया और विवाद की स्थिति बन गई। पुलिस का कहना है कि सोनू को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था और हंगामा कर रहा था। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
