
छतरपुर। जिले के बड़ामलहरा थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जहां रिश्तों की मर्यादा टूटती नजर आई। महाराजगंज निवासी राकेश लखेरा के साथ उसके ही परिजनों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई और न्याय की मांग की।
राकेश लखेरा के अनुसार, पारिवारिक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो अब खुली हिंसा में बदल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके सगे चाचा परशुराम लखेरा, भतीजे बब्लू लखेरा और राजेश लखेरा समेत अन्य लोगों ने मिलकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में राकेश के हाथ, पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद घायल अवस्था में राकेश ने हिम्मत जुटाकर एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनके साथ फिर से कोई बड़ी घटना हो सकती है।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच का आश्वासन दिया है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीन के छोटे-छोटे विवाद किस तरह रिश्तों को तार-तार कर रहे हैं।
