जांच में परिवार के 2 और सदस्य मिले डेंगू पॉजिटिव

सतना : शहर की जीवन ज्योति कालोनी की निवासी और डेंगू से संक्रमित महिला की की मौत की घटना के बाद कराए गए एलाइजा टेस्ट में परिवार की 2 महिला सदस्य भी पॉजिटिव पाई गईं. जिसे देखते हुए परिवार के अधिकांश सदस्य नागपुर में अपना उपचार करा रहे हैं. वहीं आस पास के सभी संभावित स्थानों पर डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के लिए मलेरिया विभाग द्वारा दवा का छिडक़ाव किया गया.

जीवन ज्योति कालोनी की निवासी 60 वर्षीय महिला राजदुलारी पति राजाराम को कुछ दिनों पहले बुखार के चलते 16 अगस्त को शहर के निजी अस्पताल प्रेम नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था. लेकिन उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए वहां के चिकित्सक द्वारा अगले ही दिन जबलपुर के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन सिहोरा पहुंचते-पहुंचते उनकी तबियत काफी बिगड़ गई और रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया था. मृतका के रक्त के नमूने की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी. यह जानकारी सामने आते ही मलेरिया कार्यालय में हडक़ंप मच गया. मंगलवार की शाम को मलेरिया टीम प्रभावित घर पर पहुंच गई. और परिवार के 12 सदस्यों के रक्त के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए.

हलांकि मंगलवार तक मृतका के परिवार में 2 बहुओं कविता 36 और बेबी 26 सहित नातिन अंकिता 17 भी बुखार से पीडि़त थीं. लेकिन उनकी रक्त जांच रिपोर्ट में डेंगू नहीं मिलना बताया जा रहा था. वहीीं जब मलेरिया विभाग अमले द्वारा जब परिजनों के रक्त के नमूने लेकर एलाइजा टेस्ट कराया गया तो बुधवार को सामने आई रिपोर्ट में नातिन अंकिता और बहू कविता को डेंगू पॉजिटिव पाया गया. वहीं दूसरी बहू बेबी की एलाइजा जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई. जबकि अपेक्षाकृत कम विश्वनीय मानी जाने वाली जांच आरडी किट टेस्ट में उन्हें पॉजिटिव पाया गया. बुखार को देखते हुए परिवार के कई सदस्य मंगलवार की रात को ही नागपुर के लिए रवाना हो गए. जहां पर बहू बेबी को भर्ती कर उपचार किया जा रहा है. जबकि अंकिता और कविता को भर्ती करने योग्य नहीं पाया गया.
दवा का छिडक़ाव
घटना की गंभीरता को देखते हुए मलेरिया विभाग का अमला बुधवार को एक बार फिर से प्रभावित घर पर पहुंचा. घर के अंदर से लेकर आस पास के ऐसे सभी संभावित स्थलों की बारीकी से निगरानी की गई जहां पर डेंगू के लार्वा होने की संभावना थी. ऐसे सभी स्थानों पर लिक्विड पायरेथ्रम दवा का छिडक़ाव किया गया. इसी कड़ी में एक बार फिर से फागिंग मशीन के जरिए दवा का छिडक़ाव करते हुए वयस्क मच्छरों को निष्क्रिय करने का प्रयास किया गया.

Next Post

प्रज्ञा सुप्रीम कोर्ट बार चुनाव में दूसरी बार सचिव बनी

Thu Aug 20 , 2026
सतना :सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश की एडवोकेट सुश्री प्रज्ञा बघेल ने 18 अगस्त26 को नई दिल्ली में सम्पन्न सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के चुनाव में सचिव पद के चुनाव में विजय हासिल की है | सचिव के पद पर पुन:निर्वाचित होने वाली वे प्रदेश की पहली एडवोकेट […]

You May Like