भोपाल: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भोपाल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के साथ शूटिंग एकेडमी का दौरा कर खिलाड़ियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने खिलाड़ियों से उनके अनुभव साझा किए और खेल क्षेत्र में सरकार की विभिन्न पहलों पर चर्चा की।
संवाद के दौरान धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में पहली बार स्किल डेवलपमेंट और नई शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से खेल और शारीरिक शिक्षा को शिक्षा प्रणाली का अहम हिस्सा बनाया गया है, जिससे विद्यार्थी खेल और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों को अपार आईडी से जोड़ने और खेल गतिविधियों को क्रेडिट सिस्टम से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत को आने वाले वर्षों में खेलों के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनानी है।
