ओमान तट पर भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज पर हमले के दावे फर्जी : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) भारत ने ओमान तट के निकट भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज लियाकी फ्रीडम पर अमेरिकी नौसेना के हमले के बारे में सोशल मीडिया पर किये जा रहे दावों को गलत बताते हुए इन्हें बेबुनियाद करार दिया है।विदेश मंत्रालय ने शनिवार को सोशल मीडिया पर अपने फैक्ट चेक हैंडल से एक पोस्ट में कहा कि भारतीय नाविकों वाले जहाज लियाकी फ्रीडम पर हमले का सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा फर्जी है। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि इस जहाज के मास्टर से बात की गयी है और जहाज पर सवार सभी नाविक सुरक्षित हैं।

मंत्रालय ने लोगों से कहा है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसे झूठे तथा बेबुनियाद दावों और पोस्ट से सावधान रहें। इससे पहले सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में कहा गया कि ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले चौथे जहाज लियाकी फ्रीडम पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया है और इसमें चार नाविक मारे गये हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले पिछले सप्ताह भारतीय नाविकों वाले तीन जहाजों पर ओमान के निकट हमले हुए हैं और इनमें तीन भारतीय नाविक मारे गये हैं। भारत ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए यहां स्थित अमेरिकी दूतावास के प्रभारी राजदूत को बुलाकर कड़ा विरोध जताया है।

इस बीच, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी शुक्रवार को अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात कर भारतीय नाविकों वाले जहाज पर हमले को लेकर आपत्ति जतायी है। श्री जयशंकर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात हुई। मैंने खाड़ी में अमेरिकी नौसेना के हमलों, जिनमें तीन भारतीय नाविक मारे गये थे, पर भारत की कड़ी आपत्ति दोहराई। वाणिज्यिक नौ-परिवहन के खिलाफ़ इस तरह की जानलेवा कार्रवाई उचित नहीं है।”

 

 

.....

Next Post

ईडी ने नगरपालिका भर्ती घोटाले में तृणमूल विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर की छापेमारी

Sat Jun 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) नगरपालिका भर्ती घोटाले के सिलसिले में तृणमूल कांग्रेस के विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़ी सात जगहों पर तलाशी ले रहा है। सूत्रों के मुताबिक, जांच में पता चला है कि श्री मित्रा ने कथित तौर पर बिचौलियों के ज़रिये […]

You May Like