विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0 की हुई शुरुआत

छिंदवाड़ा. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर जिले में एक पेड़ मां के नाम अभियान 3.0 की शुरूआत की गई। छिंदवाड़ा नगर के वार्ड क्रमांक-22 बोरिया, इमलिया बोहता क्षेत्र में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर जिला स्तर पर इसकी शुरूआत की गई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, स्व-सहायता समूहों के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान महापौर विक्रम अहके ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़ न केवल जल एवं वायु को शुद्ध रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को फल, फूल और स्वच्छ वातावरण भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि पौधों का पालन-पोषण अपने बच्चों की तरह करना होगा, क्योंकि यह हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। शेषराव यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विभिन्न विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जब हम स्वस्थ होंगे तभी देश तरक्की करेगा। सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि पौधों का संरक्षण अपने बच्चों की तरह करेंगे। वन एवं वृक्षों के लगातार नष्ट होने से भूजल स्तर गिर रहा है, जिसका समाधान केवल पौधारोपण और उनके संरक्षण में ही निहित है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने कहा कि समय के साथ पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है, वहीं पर्यावरणीय परिस्थितियों में भी परिवर्तन देखने को मिला है।

पिछले कुछ वर्षों में शहरों का तापमान लगातार बढ़ रहा है और देश के कई शहर उच्च तापमान की चुनौती का सामना कर रहे हैं। उन्होंने छिंदवाड़ा की भौगोलिक विशेषताओं का उल्लेख करते हुए बताया कि पठारी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां का तापमान अन्य शहरों की तुलना में अपेक्षाकृत कम रहता है। उन्होंने जिलेवासियों से पौधारोपण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आव्हान किया है।

Next Post

अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी का भोपाल तबादला, इनके स्थान पर मनकामना प्रसाद सभालेंगे पदभार

Fri Jun 5 , 2026
पांढुरना। गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को प्रदेश के अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षकों के किए गए थोक बद तबादलों में पांढुरना के अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी को भोपाल के सहायक पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय तो वहीं इनके स्थान पर मनकामना प्रसाद को पांढुरना जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के रूप […]

You May Like