मॉस्को, 09 जून (वार्ता) रूस की खुफिया संघीय सुरक्षा सेवा (एफएसबी) ने कहा है कि शत्रु राष्ट्रों से यूक्रेन को हथियार और सैन्य उपकरणों की आपूर्ति में अभूतपूर्व बढोतरी हुई है।
एफएसबी के एक प्रतिनिधि ने सोमवार को एक वीडियो संबोधन में यह जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि एक अक्टूबर, 2023 से अब तक रूसी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने देश से ड्रोन, ऑप्टिकल, विमानन और अन्य उपकरणों के अवैध निर्यात के 236 मामलों को रोका है। उन्होंने यह भी कहा कि कीव को विमान के पुर्जों की अवैध आपूर्ति में शामिल यूक्रेनी और पश्चिमी नागरिकों के समूहों की गतिविधियों को 2024 में बार-बार रोका गया।
एफएसबी ने कहा कि इस बात के बहुत सारे सबूत हैं कि यूक्रेनी विमानन उद्योग अपने विमानों के लिए रूसी पुर्जों की भारी कमी का सामना कर रहा है और रूस के हमले के बाद अनुपयोगी हो चुके अपने क्षतिग्रस्त विमानों की मरम्मत के लिए स्पेयर पार्ट्स की सख्त जरूरत है। इसके अतिरिक्त यूक्रेन ने रूसी विमानन उत्पादों की तस्करी के लिए एक स्थिर चैनल बनाने की कोशिश की।
