इंदौर:शनिवार शाम कनाड़िया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर शुभम पंचोली की मौत हो गई, जबकि बड़ा भाई लक्की पंचोली गंभीर रूप से घायल हो गया. दोनों भाई बिसनखेड़ा गांव के रहने वाले हैं. हादसे के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.कनाड़िया थाना क्षेत्र में शुभम और लक्की बाइक नामक दोनों भाई एक शादी समारोह के सिलसिले में पार्टी से बात कर लौट रहे थे.
घर से करीब एक किलोमीटर पहले अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. कुछ देर तक सड़क पर पड़े रहने के बाद स्थानीय लोगों और परिचितों ने दोनों को सेवाकुंज अस्पताल पहुंचाया. शुभम की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया, जहां पहुंचते ही उसे मृत घोषित कर दिया.
वहीं लक्की का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. परिजनों ने बताया कि दोनों भाई शादी-ब्याह में चाय-कॉफी के ऑर्डर लेते थे. शनिवार को भी वे इसी काम के लिए निकले थे. शुभम के पिता बेरोजगार हैं और फिलहाल घर पर ही रहते हैं. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं, ताकि हादसे की सच्चाई सामने आ सके.
