ईटानगर, 01 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू तथा मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अरुणाचल प्रदेश में आई भीषण बाढ़ के प्रभावित क्षेत्रों का आज हवाई सर्वेक्षण और जमीनी दौरा किया।
आधिकारिक सूचना के अनुसार श्री चौहान, श्री रिजिजू तथा श्री खांडू ने प्रभावित इलाकों का जायजा लिया और बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
श्री चौहान ने केयी पान्योर जिले समेत कई बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और सड़क मार्ग से गांवों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों से सीधे मुलाकात कर विशेष रूप से महिलाओं से बात करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र और राज्य सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि बाढ़ से हुए नुकसान का पूरा आकलन किया जाएगा और जिनके घर, खेत, फसलें और पशुधन प्रभावित हुए हैं, उनकी भरपाई की जाएगी। नए मकान बनाने और तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने का काम तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्वयं इस स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और प्रभावितों की हरसंभव मदद के निर्देश दे चुके हैं। केंद्र और राज्य सरकार पूरी ताकत से राहत एवं पुनर्वास कार्यों में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि बिना सरकारी इंतजार किए गांव वालों द्वारा नदी को रोकने के लिए दीवार बनाने का काम बेहद प्रेरणादायक है।
