नयी दिल्ली, 01 जुलाई (वार्ता) सरकार ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी का कार्यकाल एक वर्ष के लिए बढा दिया है।केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इस निर्णय को मंजूरी दे दी है।
कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने बुधवार को जारी आदेश में कहा है कि श्री मिसरी का कार्यकाल 14 जुलाई से एक वर्ष के लिए यानी अगले वर्ष 14 जुलाई तक या अगले आदेश तक बढा दिया गया है।
श्री मिसरी वर्ष 1989 बैच के विदेश सेवा के अधिकारी हैं और उनका कार्यकाल 14 जुलाई को समाप्त हो रहा था।
उन्होंने 15 जुलाई 2024 को 35वें विदेश सचिव का पदभार ग्रहण किया था।
विदेश सचिव बनने से पहले वह जनवरी 2022 से जून 2024 तक उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।
