गुना:केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र गुना की बमौरी विधानसभा मुख्यालय पर जनसुनवाई शिविर लगाया। इस शिविर में 700 से ज्यादा लोगों ने सिंधिया को आवेदन दिए, जिनमें से 118 शिकायतों का सिंधिया की मौजूदगी में अधिकारियों ने तुरंत निराकरण कर दिया।बमौरी जनपद पंचायत परिसर में आयोजित जनसुनवाई शिविर में आई शिकायतों के आवेदनों को एक थैले में एकत्रित कर सिंधिया ने गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल को सौंपते हुए कहा कि उन्हें मिला एक-एक आवेदन केवल कागज का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह सोने के समान है।
सिंधिया ने कलेक्टर से कहा कि वे एक-एक आवेदन को धर्मग्रंथ की तरह पूजें और इनका जल्द से जल्द निराकरण करें। जनपद पंचायत बमौरी में आयोजित शिविर के दौरान गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के अलावा एसपी संजीव कुमार सिन्हा, एसडीएम शिवानी पाठक, जनपद पंचायत सीईओ पुष्पेंद्र व्यास, तहसीलदार देवदत्त गोलिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान ज्यादातर आवेदन राजस्व विभाग की समस्याओं से संबंधित आए।
अधिकांश लोगों ने पीएम आवास, किसान सम्मान निधि, दिव्यांग पेंशन, ट्यूबवैल खनन अनुमति दिलाने के लिए सिंधिया के सामने गुहार लगाई। ग्राम शेखपुर से आए चिंटूलाल को बटांकन का आदेश सौंपते हुए सिंधिया ने अपने चिर-परिचित अंदाज में उनसे चर्चा की। सिंधिया की बातचीत शैली को देखकर मौके पर मौजूद अधिकारियों और आवेदकों ने जमकर ठहाके लगाए।
इस कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री सिंधिया ग्राम डिगडोली रवाना हो गए, जहां उन्होंने होली मिलन समारोह में शिरकत कीबमौरी में हुई जनसुनवाई के बाद सिंधिया ने बताया कि उन्होंने जनवरी महीने से जनसुनवाई का सिलसिला शुरु किया था। गुना-शिवपुरी लोकसभा क्षेत्र की 6 विधानसभा में सिंधिया शिविर आयोजित कर चुके हैं। इस दौरान 6 हजार 10 आवेदकों ने अपनी समस्याओं को लेकर आवेदन दिए हैं। सिंधिया ने दावा किया कि उन्हें प्राप्त हुए आवेदनों में से 1 हजार 995 आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं।
1 हजार 810 आदेश भी संबंधित जिला प्रशासन ने जारी किए हैं। इनमें से 1 हजार 263 आवेदनों को सिंधिया ने अपने पत्र के साथ आवेदकों को प्रतिलिपि पहुंचा दी है। सिंधिया ने बताया कि कुछ आवेदनों में प्रशासन द्वारा गलत आदेश पारित किया है, जिसका समीक्षा उनके द्वारा की जा रही है। सिंधिया के मुताबिक हर आवेदन को डिजिटलाइज किया जाता है। हर दिन फीडबैक लिया जा रहा है। एक्सल सीट में प्रतीक्षा समीक्षा दर्ज की जा रही है।
