सागर : सानोधा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसोरिया में पेट्रोल पंप के पास ट्रक – ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की हुई भिड़ंत में बाइक सवार पुरुष और महिला की मौत हो गई । दुर्घटना तब हुई जब ट्रक ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था ।सानोधा थाना प्रभारी भरत सिंह ठाकुर से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर सागर की ओर से भूसा भरकर ट्रैक्टर ट्राली आ रही थी । उसके पीछे ही सीमेंट से भरा ट्रक क्र. सीजी 04 पी डब्ल्यू 9815 चल रहा था ।
सागर गढ़ाकोटा मार्ग पर परसोरिया के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक तेज रफ्तार ट्रक जब ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रहा था उसी दौरान सागर से गढ़ाकोटा की ओर जा रही मोटर साइकिल क्र. एमपी 15 एम 0138 सामने आ गई । बाइक सीधे ट्रैक्टर से टकरा गई और उसके नीचे फंस गई, तो वहीं ट्रक और ट्रैक्टर भी आपस में भिड़ गए । दुर्घटना के बाद ट्रक और ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतर गए ।
भिड़ंत में बाइक सवार उमाशंकर शर्मा निवासी सुमरई बंडा और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई । सूचना मिलने पर थाना प्रभारी श्री ठाकुर पुलिस बल के साथ पहुंचे, पुलिस ने दोनों मृतकों को एम्बुलेंस से पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया । थाना प्रभारी श्री ठाकुर ने बताया की क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और ट्रक को जप्त कर लिया गया है, फिलहाल मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है ।
