उपचार से हालत में सुधार
मैहर:चैत्र नवरात्रि आरंभ होते ही देश भर से लाखों श्रद्धालुओं का मैहर स्थित मां शारदा धाम पहुंचने का सिलसिला भी शुरु हो गया है. इसी कड़ी में पर्वत की सीढ़ी चढऩे के दौरान एक वृद्ध श्रद्धालु को हृदय घात की समस्या हो गई. गनीमत यह रही कि वहां पर मौजूद मेडिकल टीम ने समय रहते वृद्ध का प्राथमिक उपचार शुरु कर दिया. मरीज को सिविल अस्पताल शिफ्ट किए जाने के बाद हालत में सुधार होना बताया गया.
बीएमओ अमदरा और मैहर मेला परिसर के प्रभारी चिकित्सक डॉ. पीयूष पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार उप्र के आलमपुर से आए 60 वर्षीय वृद्ध देवनाथ सिंह पिता रामधनी ने रविवार को भोर में 5 बजे मां शारदा देवी मंदिर की सीढिय़ां चढऩी शुरु कीं. कुछ सीढ़ी चढऩे के बाद उन्हें सीने में दर्द महसूस होने लगा. कुछ देर बाद ही सांस लेने में समस्या के साथ सीने का दर्द शरीर के अन्य हिस्से में भी महसूस होने लगा. जिसके चलते वृद्ध बेसुध होकर वहीं गिर गए.
यह देखते ही आस पास मौजूद लोगों के बीच हडक़ंप मच गया. आनन-फानन में वृद्ध को द्वितीय तल पर मौजूद मेडिकल टीम के पास ले आया गया. जहां पर ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विजय नारायण पटेल, करिश्मा पटेल, विनीता राय और सृष्टि नामदेव द्वारा प्राथमिक उपचार शुरु किया गया. जहां पर उनकी हालत स्थिर होते ही फौरन एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल भेज दिया गया. जहां पर उन्हें आईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरु हुआ. जिसका नतीजा यह हुआ कि समय के साथ मरीज की हालत में सुधार होता नजर आने लगा. हालत सुधरने पर वृद्ध द्वारा मला क्षेत्र में तैनात मेडिकल टीम की प्रसंशा करते हुए कहा कि तत्परता के कारण उनकी जान बच गई
