नयी दिल्ली, 28 मई (वार्ता) केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया 29 से 31 मई 2026 तक तीन दिवसीय दौरे पर मेघालय के शिलांग जाएंगे। इस दौरे का उद्देश्य राज्य में युवा मामलों, खेल बुनियादी ढांचे के विकास और केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेना है। इस दौरे के दौरान, केंद्रीय मंत्री युवा मामले विभाग द्वारा आयोजित ‘चिंतन शिविर’ में भी शामिल होंगे। मेघालय के खेल और युवा मामले मंत्री शाकलियार वारजरी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। डॉ. मांडविया 30 मई को मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा के साथ मिलकर शिलांग में ‘एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर’ का उद्घाटन भी करेंगे।
यह ‘एकीकृत बहुउद्देशीय इनडोर खेल परिसर’ 132.9 करोड़ रुपये की परियोजना लागत से विकसित किया जा रहा है। इसे एक आधुनिक और बहु-कार्यात्मक खेल सुविधा के रूप में डिज़ाइन किया गया है, जहाँ बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल जैसे खेलों के साथ-साथ अन्य इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा सकेगा। इस परिसर को राष्ट्रीय खेलों के लिए एक प्रमुख स्थल के रूप में भी परिकल्पित किया गया है। इसमें बहुउद्देशीय हॉल, सभागार (ऑडिटोरियम), बैंक्वेट सुविधाएं आदि जैसी एकीकृत बुनियादी सुविधाएं शामिल होंगी।
इस अवसर पर, वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों और भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में, 39वें राष्ट्रीय खेलों 2026 के लिए मेघालय के साथ ‘मेजबान राज्य अनुबंध’ पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री 39वें राष्ट्रीय खेल 2026 की तैयारियों से जुड़ी समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। इस बैठक में मेघालय के अधिकारियों और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ प्रस्तुतियाँ और चर्चाएँ शामिल होंगी।
अपनी यात्रा के हिस्से के रूप में, डॉ. मांडविया शिलांग स्थित उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी निरीक्षण करेंगे-जिसमें एक्वेटिक्स और टेनिस सुविधाएँ शामिल हैं-ताकि राज्य में चल रहे खेल अवसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की जा सके। इसके अतिरिक्त, केंद्रीय मंत्री 31 मई को ‘पूर्वोत्तर संपर्क सेतु’ पहल के तहत मेघालय के री-भोई जिले में केंद्र प्रायोजित योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रगति की समीक्षा करेंगे। युवा मामले और खेल मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री की पूर्वोत्तर की यह तीन-दिवसीय यात्रा, पूर्वोत्तर क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी को सुदृढ़ करने, खेल अवसंरचना को बढ़ावा देने और समग्र विकास को समर्थन देने के प्रति भारत सरकार की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

