सतना: रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के शासकीय विद्यालय से 27 जनवरी 2025 को कक्षा 9 की दो छात्राएं, परिवर्तित नाम (14 वर्ष) और परिवर्तित नाम (14 वर्ष) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। छात्राएं स्कूल गई थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। उनकी साइकिलें स्कूल परिसर में मिलीं, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। जब काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने रामपुर बाघेलान थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की और लगातार छात्राओं की तलाश में पुलिस टीम को सक्रिय रखा। हालांकि, काफी प्रयासों के बावजूद कोई सफलता नहीं मिल रही थी।
इस बीच, थाना प्रभारी ने अपने मुखबिर तंत्र को मजबूत किया और जांच का दायरा बढ़ाते हुए लड़कियों की प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में मौजूदगी की जानकारी प्राप्त की।जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी संदीप चतुर्वेदी ने विशेष पुलिस टीम का गठन कर छात्राओं की बरामदगी के लिए प्रयागराज रवाना किया। आखिरकार, पुलिस टीम ने लापता छात्राओं को सकुशल खोज निकाला। इस घटना के बाद परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरी घटना की गहराई से जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि छात्राएं खुद वहां गई थीं या किसी के बहकावे में आई थीं।
