
रीवा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षाओं के लिए नियुक्त केन्द्राध्यक्षों एवं सहायक केन्द्राध्यक्षों को निर्देश दिये हैं कि निर्विघ्न और शांतिपूर्वक परीक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करायें.
परीक्षा केन्द्रों पर नकल न हो, परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनी रहे इस पर पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने कहा कि केन्द्राध्यक्ष और सहायक केन्द्राध्यक्ष किसी भी व्यक्ति को प्रश्न पत्र लाने के लिए अधिकृत नहीं करेंगे. इसी प्रकार उत्तर पुस्तिका निर्धारित स्थान पर जमा करने का कार्य भी केन्द्राध्यक्ष अथवा सहायक केन्द्राध्यक्ष को ही करना होगा. कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में कलेक्टर ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा निर्देशों का पालन सुनिश्चित करायें. परीक्षा केन्द्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के अतिरिक्त सभी का मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेगा. परीक्षा कक्ष में एक बेंच में एक ही परीक्षार्थी बैठेगा तथा 100 मीटर के दायरे में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. कलेक्टर ने निर्देश दिये कि त्रुटि रहित बोर्ड परीक्षाओं का सफल संचालन सुनिश्चित करायें तथा परीक्षा केन्द्रों में तनाव रहित वातावरण निर्मित करते हुए यह सुनिश्चित करें कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे. उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र पर गंभीर शिकायत प्राप्त होने पर केन्द्राध्यक्ष व सहायक केन्द्राध्यक्ष के विरूद्ध अनुशासनात्मक एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जायेगी. कलेक्टर ने कहा कि सभी केन्द्राध्यक्ष व उप केन्द्राध्यक्ष निर्धारित ऐप को डाउनलोड कर इसका संचालन सीख लें. प्रशिक्षण में सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा, सहायक संचालक राजेश मिश्रा मौजूद रहे.
रीवा में 71 और मऊगंज में 23 परीक्षा केन्द्र
उल्लेखनीय है कि बोर्ड परीक्षा के लिए रीवा जिले में 71 तथा मऊगंज जिले में 23 परीक्षा केन्द्र सुनिश्चित किये गये हैं. मऊगंज जिले में 4 संवदेनशील परीक्षा केन्द्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था की गयी है. रीवा जिले में 18 अशासकीय परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीव्ही कैमरे लगाये गये हैं जिनकी लाइव निगरानी जिला एवं भोपाल स्तर पर की जायेगी. जिले में 9 अतिसंवदेनशील परीक्षा केन्द्रों में कलेक्टर प्रतिनिधि के अलावा प्रेक्षकों तथा पुलिस बल की तैनाती रहेगी. रीवा जिले में 8 तथा मऊगंज जिले में 3 निरीक्षण दल बनाये गये हैं. परीक्षा तिथि को केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं कलेक्टर प्रतिनिधि थाने में उपस्थित होकर प्रश्न पत्र लेकर सुबह 8.30 बजे के केन्द्र में पूर्व पहुंच जायेंगे. प्रश्न पत्रों के बाक्स खोले जाने के पूर्व बाक्सों के 6 तरफ के वीडियो बनाकर माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल को भेजा जायेगा.
