लंदन: ब्रिटिश सशस्त्र बलों ने रविवार तड़के इंग्लिश चैनल से गुजरने की कोशिश कर रहे एक रूसी ‘शैडो फ्लीट’ (गुप्त बेड़े) तेल टैंकर को रोका है।छह घंटे तक चले अभियान में रॉयल मरीन कमांडो और राष्ट्रीय अपराध एजेंसी के खास तौर पर प्रशिक्षित कानून प्रवर्तन अधिकारी वायुसेना की मदद से जहाज पर चढ़े।रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जांच जारी रहने तक जहाज ‘स्मिर्टोस’ को इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर रोककर उस पर नजर रखी जाएगी। ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टारमर ने कहा, “यह सफल अभियान रूस को एक और झटका देता है और यूक्रेन में पुतिन की लड़ाई को हवा देने वालों को याद दिलाता है कि हम उन्हें छिपने नहीं देंगे।”
रक्षा मंत्री डैन जार्विस ने कहा, “रूस यूक्रेन में अपनी लड़ाई के लिए धन जुटाने के लिए अपने शैडो फ्लीट पर निर्भर है और हमारी रोक पुतिन की गैर-कानूनी लड़ाई को एक झटका है।” अभियान को समुद्री वायु समूह के वायुयान, वायुसेना पी-8 वायुयान और एचएमएस सदरलैंड और एचएमएस लेडबरी से सहयोग मिला।गौरतलब है कि रूस अपने तेल निर्यात पर लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध से बचने के लिए अस्पष्ट स्वामित्व संरचना वाले टैंकरों का एक ‘शैडो फ्लीट’ चला रहा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस के प्रतिबंधित तेल का 75 प्रतिशत तक ले जाने के लिए जिम्मेदार 700 से अधिक जहाजों का यह शैडो फ्लीट उसके लिए एक जरूरी जीवनरेखा है।
