तेजस शिर्से ने 110 मीटर बाधा दोड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया

लुधियाना:तेजस शिर्से ने इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 2026 के नौवें चरण में पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड बेहतर किया।गुरु नानक स्टेडियम में शनिवार को हुई स्पर्धा में 24 वर्षीय भारतीय एथलीट ने 13.27 सेकेंड का समय दर्ज किया और अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड (13.41 सेकेंड) से 0.14 सेकेंड कम समय में रेस समाप्त की। उन्होंने पिछला रिकॉर्ड 2024 में फिनलैंड में एक एथलेटिक्स मीट के दौरान बनाया था। तेजस शिर्से के नाम 60 मीटर बाधा दौड़ (इनडोर) का 7.64 सेकेंड का नेशनल रिकॉर्ड भी है। उन्होंने कृषिक एम (13.55 सेकेंड) और माध्वेंद्र सिंह (14.00 सेकेंड) से आगे रहते हुए इवेंट में जीत हासिल की। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में शिर्से ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के क्वालीफाइंग स्टैंडर्ड (13.39 सेकेंड) को भी पार कर लिया।
तेजस शिर्से ने कहा, “रांची और चीनी ताइपे में पोडियम पर रहने के बावजूद कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालिफिकेशन से मामूली अंतर से चूकने के बाद, मैंने आज अपनी सोच बदली। मैंने खुद से कहा कि यह एक ‘फ्री हिट’ है। आप ‘परफेक्ट’ शॉट नहीं लगाते। आप बस उसे मैदान के बाहर मारते हैं या आउट हो जाते हैं। मैंने बिना किसी दबाव के शुरुआत की, इसे ट्रेनिंग की तरह लिया और अपने पैरों को अपना काम करने दिया।”एएफआई ने लुधियाना में होने वाली इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 9 को आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए दूसरा सेलेक्शन ट्रायल घोषित किया है।

मई में हुए फेडरेशन कप को मूल रूप से कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए आखिरी सेलेक्शन ट्रायल के तौर पर तय किया गया था, लेकिन एएफआई ने भारतीय ट्रैक एंड फील्ड एथलीटों को ग्लासगो 2026 की टीम में जगह बनाने का एक और मौका देने का फैसला किया।महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा (58.16 मीटर) और निधि रानी (57.08 मीटर) शीर्ष दो स्थानों पर रहीं, क्योंकि दोनों ने इस फील्ड इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स (56.85 मीटर) और एशियन गेम्स (55.48 मीटर) के एंट्री स्टैंडर्ड को पार कर लिया।

पुरुषों के जैवलिन थ्रो इवेंट में शीर्ष दो खिलाड़ियों – रोहित यादव (83.76 मीटर) और यशवीर सिंह (82.93 मीटर) ने अपने नए पर्सनल बेस्ट के साथ दोनों क्वालीफाइंग मार्क पार किए। इस इवेंट के लिए कॉमनवेल्थ गेम्स एंट्री स्टैंडर्ड 82.61 मीटर है, जबकि एशियन गेम्स का मार्क 77.87 मीटर है।
मौजूदा एशियन गेम्स चैंपियन तेजिंदरपाल सिंह तूर ने भी अपने घरेलू दर्शकों के सामने 20.36 मीटर का क्वालीफाइंग मार्क पार किया और 20.72 मीटर का थ्रो करके करणवीर सिंह और धनवीर सिंह से आगे रहते हुए पुरुषों का शॉट पुट इवेंट जीता।
महिलाओं के शॉट पुट में, मनप्रीत कौर (17.66 मीटर) ने भी 17.62 मीटर का कॉमनवेल्थ गेम्स क्वालीफाइंग मार्क पार किया।

Next Post

​नो धक्का-मुक्की, नो झंझट: भोपाल रेल मंडल में तत्काल टिकट के लिए नई टोकन व्यवस्था लागू

Sun Jun 14 , 2026
भोपाल: तत्काल टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशनों पर होने वाली भीड़ और अव्यवस्था को कम करने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने नई टोकन व्यवस्था लागू की है। 13 जून 2026 से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब एसी और नॉन-एसी यात्रियों को अलग-अलग टोकन […]

You May Like