भोपाल: तत्काल टिकट लेने के लिए रेलवे स्टेशनों पर होने वाली भीड़ और अव्यवस्था को कम करने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने नई टोकन व्यवस्था लागू की है। 13 जून 2026 से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत अब एसी और नॉन-एसी यात्रियों को अलग-अलग टोकन दिए जा रहे हैं, जिससे टिकट लेने की प्रक्रिया अधिक आसान और व्यवस्थित होगी।
नई व्यवस्था के अनुसार टोकन का वितरण रोज सुबह 8 बजे से किया जाएगा। साथ ही सभी आरक्षण केंद्रों पर एक विशेष टोकन रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें यात्री का नाम और टोकन नंबर दर्ज किया जाएगा। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी और टिकट वितरण पर नजर रखना आसान होगा।
अब तक तत्काल टिकट खुलने के समय काउंटरों पर लंबी लाइनें, धक्का-मुक्की और गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती थीं। रेलवे का कहना है कि इस नई व्यवस्था से वास्तविक यात्रियों को उनकी बारी के अनुसार टिकट मिल सकेगा और दलाली जैसी समस्याओं पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी। भोपाल मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर यह व्यवस्था लागू कर दी गई है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
