एसपी ऑफिस के पीछे चल रही थी अवैध कट्टा फैक्ट्री, हथियारों का जखीरा जब्त

भिंड:भिंड पुलिस ने शहर के भीतर संचालित हो रही अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश कर एक बड़े अंतर्राज्यीय नेटवर्क का खुलासा किया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह फैक्ट्री पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट से महज कुछ दूरी पर स्थित दुर्गा नगर क्षेत्र में चल रही थी। आरोपी इतने शातिर थे कि हथियार बनाने के दौरान तेज आवाज में गाने बजाते थे, ताकि मशीनों और हथौड़ों की आवाज आसपास के लोगों तक न पहुंच सके।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा को लगातार मुखबिरों से सूचना मिल रही थी कि लहार रोड स्थित दुर्गा नगर में अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप राजावत, बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया और साइबर सेल प्रभारी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया।

दुर्गा नगर की घनी आबादी में स्थित एक मकान पर दबिश देते ही पुलिस के सामने अवैध हथियार निर्माण का पूरा खेल उजागर हो गया। मौके से छह तैयार और चार अधबने 315 बोर के कट्टे, दो जिंदा कारतूस 315 बोर तथा तीन कारतूस 12 बोर के बरामद किए गए। इसके अलावा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाली भट्टी, ग्राइंडर मशीन, पाइप, स्प्रिंग, रेतनी, हथौड़े और अन्य उपकरणों का बड़ा जखीरा भी जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक पिता राजू उर्फ राजकुमार राजावत और पुत्र दीपू राजावत को गिरफ्तार कर लिया, जबकि हथियार तैयार करने वाले दो कारीगर मौके से फरार हो गए।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे उत्तर प्रदेश से कारीगर बुलाकर अवैध हथियार तैयार कराते थे और तैयार कट्टों को 15 से 20 हजार रुपये में बेचते थे। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हथियारों की सप्लाई कर रहा था।

Next Post

ग्वालियर एयरपोर्ट पर कल मनाया जाएगा 'यात्री सुविधा दिवस'

Sun Jun 14 , 2026
​ग्वालियर: राजमाता विजयाराजे एयरपोर्ट पर कल 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगतियों और उपलब्धियों को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा […]

You May Like