ग्वालियर: राजमाता विजयाराजे एयरपोर्ट पर कल 15 जून को ‘यात्री सुविधा दिवस’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में हुई अभूतपूर्व प्रगतियों और उपलब्धियों को रेखांकित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।एयरपोर्ट के डायरेक्टर लोकेश कुमार यादव ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश में विमानतलों की संख्या 64 से बढ़कर 160 से अधिक हो चुकी है। इसी कड़ी में ग्वालियर के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन अप्रैल 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, जो कि सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए पिछले कुछ महीनों में यहाँ वाई-फाई, बच्चों के लिए ‘किड्स प्ले ज़ोन’ और कामकाजी पेशेवरों के लिए ‘लैपटॉप वर्कस्टेशन’ जैसी नई सुविधाएँ भी जोड़ी गई हैं।
दिनभर चलेंगे कई विशेष कार्यक्रम:
एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। साथ ही उनके मनोरंजन के लिए स्थानीय लोक नृत्य और बांसुरी वादन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यात्रियों और आगुंतकों के लिए निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप और रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है।इसके अलाबा ‘वुमेन इन एविएशन’ थीम के तहत एयरपोर्ट पर कार्यरत महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
बीते 12 जून को रामकृष्ण मिशन स्कूल ठाठीपुर में आयोजित की गई पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को इस समारोह के दौरान पुरस्कृत किया जाएगा।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:30 बजे ‘वंदे मातरम’ के सामूहिक गान के साथ होगी। यात्रियों को जागरूक करने और बीते वर्षों की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए एयरपोर्ट परिसर में विशेष ‘सेल्फी स्टैंड’ भी लगाए गए हैं, जिनके बैकग्राउंड में पिछले 12 वर्षों के विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। यह पूरा आयोजन दिनभर जारी रहेगा। विमानतल यात्रियों की सहूलियत और उनके सफर को अधिक आरामदायक बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर विमानतल पर यात्री सुविधाओं में व्यापक बढ़ोतरी की गई है।
जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर आने-जाने वाले आम लोगों और यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए खान-पान की व्यवस्थाओं को और सुलभ बनाया गया है। अब एयरपोर्ट के आसपास ही यात्रियों के लिए उचित और सुलभ खान-पान की वस्तुएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही परिसर में एक नया ‘उड़ान यात्री कैफे’ भी सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।
