ब्यावरा: शहर के अंजनीलाल मार्ग स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के पास मंगलवार को नगर पालिका ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। सरकारी जमीन पर किए गए अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अमला और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा।
नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास की सरकारी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा दीवारें खड़ी कर पक्का निर्माण कर लिया गया था। शिकायत मिलने के बाद सीएमओ इकरार अहमद के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इस दौरान अस्थायी ढांचों के साथ एक पक्के निर्माण को भी तोड़ा गया।
लोगों की आवाजाही में हो रही थी परेशानी:
नगर पालिका का कहना है कि अवैध कब्जों के कारण क्षेत्र में आने-जाने में दिक्कतें पैदा हो रही थीं। खासकर आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचने वाले बच्चों और महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे थे।
अन्य इलाकों में भी होगी कार्रवाई:
सीएमओ ने कहा कि शहर में सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नगर पालिका द्वारा ऐसे स्थानों की पहचान की जा रही है, जहां अतिक्रमण किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि लोगों ने स्वयं कब्जे नहीं हटाए तो आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
