झारखंड में अचानक बढ़ी ठंड, न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट से लोग परेशान

रांची, 12 नवम्बर (वार्ता) झारखंड में इस नवंबर माह की शुरुआत में मौसम का अचानक बदलाव देखने को मिला है।

रांची और आसपास के इलाकों में पहले दोपहर में गर्मी का अहसास था, लेकिन अब अचानक ठंडी हवाओं ने ठंड की मार बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में केवल कुछ ही दिनों में न्यूनतम तापमान में पाँच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सर्दी काफी बढ़ गई है।

रांची में पहले हफ्ते तक लोग बिना स्वेटर, हल्के कपड़े पहनकर सैर करते थे, लेकिन दूसरे हफ्ते आते आते तापमान में इतनी गिरावट आई है कि लोगों को गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। खासकर सुबह और शाम के समय ठंड का प्रभाव ज्यादा महसूस किया जा रहा है।

गुमला जिले में हालात ज्यादा गंभीर हैं। यहां की सड़कों पर शाम के बाद सन्नाटा छा जाता है और लोग घरों के बाहर अलाव के पास जुटकर ठंड से बचने की कोशिश करते देखे जाते हैं। गुमला का न्यूनतम तापमान अब मात्र 8.5 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि कोडरमा, रामगढ़, और गढ़वा जैसे जिलों में भी तापमान 9 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। शाम-सुबह की धूप के बावजूद ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने इस ठंड के लिए हिमालय क्षेत्र से आने वाली ठंडी हवाओं को जिम्मेदार बताया है, जो सबसे पहले राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों को प्रभावित करती हैं। विभाग ने कोडरमा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, रामगढ़, पलामू और सिमडेगा के लिए अगले पांच दिनों तक सर्दी के खास अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

ठंड के बढ़ने के कारण लोगों में सर्दी-जुकाम, बुखार जैसी हल्की बीमारियों के लक्षण भी बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सर्दी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह सैर पर जाने वाले, विशेषकर बुजुर्ग और बच्चे, अब गर्म कपड़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

 

Next Post

भूटान से लौटते ही दिल्ली विस्फोट के घायलों से अस्पताल में जाकर मिले मोदी

Wed Nov 12 , 2025
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like