
भोपाल।राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र स्थित मांडवा झुग्गी बस्ती में शनिवार को बच्चों के खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बस्ती में बच्चे आपस में खेल रहे थे, तभी किसी बात को लेकर उनमें झगड़ा हो गया। यह विवाद जल्द ही बच्चों के परिजनों तक पहुँच गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान, इजहार अहमद उर्फ सोने पर अनिकेत, सनि और आर्यन ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे इजहार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल इजहार को तुरंत उनके परिवार वाले अस्पताल ले गए, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। कमला नगर पुलिस ने इजहार की शिकायत पर अनिकेत, सनि और आर्यन के खिलाफ चाकूबाजी और मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
