सतना: जिले के नागौद थाना क्षेत्र स्थित बिचपुरिया पेट्रोल पंप पर गुरुवार देर रात खुल्ले पैसों के मामूली विवाद में एक सेल्समैन पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपी बल्लू मुसलमान ने पेट्रोल पंप कर्मचारी कामता सेन पर बेसबॉल के डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले आरोपी और कर्मचारी के बीच खुल्ले पैसे को लेकर कहासुनी हुई थी।
विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद वापस लौटा और बिना किसी चेतावनी के कामता पर हमला कर दिया। उसने बेसबॉल के डंडे से कर्मचारी के सिर पर वार किया, जिससे कामता को गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।हमले के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई। अन्य कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल कामता सेन को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, सिर में गहरी चोट होने के कारण उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे निगरानी में रखा गया है।
आरोपी की तलाश
मामले की सूचना मिलते ही नागौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी बल्लू मुसलमान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अशोक पाण्डेय ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है।उसकी तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
