
सिवनी। कोतवाली पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए सोमवार को अनोखी कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को नगर में पैदल जुलूस के जरिए घुमाया गया, जहां उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपराध स्वीकार कर भविष्य में अपराध न करने की कसम खाई। राहगीरों ने इस कदम की सराहना की और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी बताया।
जिले में एमडीएमए पाउडर की बढ़ती तस्करी पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने हाल ही में सूफीनगर निवासी कुख्यात तस्कर हाकिम खान को रंगे हाथ पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर नागपुर और पुणे से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनमें अजहर पटेल उर्फ अज्जू खान और उसके रिश्तेदार विकास कांबले शामिल हैं। अजहर पर 2020 से एनडीपीएस एक्ट के तीन गंभीर मामले दर्ज हैं।
एसपी सिमाला प्रसाद के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में एएसपी दीपक मिश्रा, सीएसपी पूजा पांडे और टीआई किशोर वामनकर की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने से नवयुवकों को नशे के जाल में फंसाने की कड़ी पर बड़ा प्रहार हुआ है।
