सतना: कटनी-मैहर नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वृंदा होटल के सामने हुए इस हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की समझाइश के बाद करीब 20 मिनट बाद जाम खोला जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मुलिया चौधरी (80), पत्नी लालमन चौधरी, निवासी पौड़ी मंदिर के पीछे, मैहर के रूप में हुई है। मुलिया चौधरी शुक्रवार दोपहर को सड़क पार कर रही थीं, तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन उन्हें टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।घटना के काफी देर बाद तक एंबुलेंस के मौके पर न पहुंचने के कारण पुलिस को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। अंततः पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए शव को एक निजी पिकअप वाहन में रखकर पोस्टमार्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल भिजवाया। इस दौरान हाईवे पर तनाव की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस बल ने नियंत्रित किया।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी
मैहर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके। मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
