वृद्धावस्था पेंशन से वंचित कई पात्र हितग्राही दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर

इंदौर:सरकार गरीब और बुजुर्गों को आर्थिक सहारा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही से यही सहारा कई जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच रहा. जबकि प्रशासन हाल ही में जन विश्वास अभियान जैसे शिविर चला रहा है, जिसके माध्यम से अधिकारी सीधे शिकायतों का समाधान कर रहे हैं. लेकिन मल्टी स्कीम नंबर 140 क्षेत्र के निवासी कई बुजुर्ग पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं.

वृद्धावस्था पेंशन गरीब और जरूरतमंद बुजुर्गों के लिए महज सरकारी योजना नहीं, बल्कि रोजमर्रा के खर्च का बड़ा सहारा है. बॉम्बे योजना मल्टी स्कीम नंबर 140 क्षेत्र में कई बुजुर्ग ऐसे हैं, जिन्हें लंबे समय से पेंशन नहीं मिली या अचानक बंद हो गई. खास बात यह है कि कई हितग्राही बैंक में कई बार केवाईसी तक करा चुके हैं, फिर भी समस्या जस की तस है. बुजुर्गों का कहना है कि पेंशन शुरू कराने या बंद भुगतान की जानकारी लेने के लिए वे बैंक और झोन कार्यालय के चक्कर लगा-लगाकर थक चुके हैं. हर बार आश्वासन मिला, लेकिन खाते में राशि नहीं पहुंची. इनमें ऐसे बुजुर्ग दंपति भी हैं, जो लकवे या अन्य किसी गंभीर बीमारी के कारण दूसरों पर निर्भर हैं. कुछ अति वृद्धावस्था में अकेले जीवन गुजार रहे हैं और उनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है. सवाल यह है कि जब योजना जरूरतमंदों के लिए है तो ऐसे पात्र हितग्राही दफ्तरों के चक्कर क्यों काट रहे हैं? चुनाव के समय किए वादों के बावजूद जनप्रतिनिधि इनकी सुध लेने कब पहुंचेंगे?

यह बोले हितग्राही…

मैं लकवा जैसी गंभीर बीमारी के चलते बिस्तर पर हूं. आर्थिक रूप से और बीमारी से परेशान हूं. जो पेंशन मिलती थी, वह बंद हो चुकी है. केवाईसी कराने के बाद आश्वासन मिला, लेकिन पेंशन नहीं मिली.
– कालू पंचोले

बच्चे अलग रहते हैं, हम दोनों पति-पत्नी घर में अकेले हैं. पेंशन राशि से हमें कुछ सहारा मिल जाता था, जो बंद हो गया. बैंक कर्मचारी कहते हैं, आगे से पेंशन बंद की गई हैं. नगर निगम झोन और बैंक के कई चक्कर लगाए, लेकिन पेंशन शुरू नहीं हुई.
– भागवनती बाई गांगले

वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए दो वर्ष पहले फॉर्म भरा था, उसके बाद कई बार बैंक और झोन के चक्कर लगा चुकी, लेकिन आज तक सरकार ने पेंशन चालू नहीं की. अब तो उम्मीद ही छोड़ दी.
– चंदन बाई डानल

Next Post

किराना दुकान से 40 लीटर देशी-विदेशी शराब जप्त

Tue Aug 11 , 2026
सिंगरौली : भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने गढ़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोघरा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई कराते हुए बड़ी मात्रा में शराब पकड़वाई। संगठन के सदस्यों को सूचना मिली थी कि रामसनेही साकेत पिता लखन साकेत निवासी ग्राम घोघरा थाना गढ़वा द्वारा एक किराना […]

You May Like