तिरुवनंतपुरम, 18 मार्च (वार्ता) केरल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रतन यू केलकर ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अधिकारियों के प्रशिक्षण संबंधित एक फर्जी ऑडियो संदेश के प्रसार के संबंध में साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज की है।
ऑडियो संदेश में झूठा दावा किया गया है कि इस बार चुनाव अधिकारियों के लिए कोई प्रत्यक्ष, व्यक्तिगत प्रशिक्षण नहीं होगा और कहा गया है कि यह कदम सरकार के खर्च में कटौती के उपायों का हिस्सा है। सीईओ के कार्यालय ने इन दावों को निराधार एवं भ्रामक बताकर खारिज कर दिया है।
स्थिति स्पष्ट करते हुए सीईओ कार्यालय ने कहा कि चुनाव कर्मियों को वर्तमान में कई चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों से गुजरना पड़ रहा है। इनमें ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों सत्र शामिल हैं और केवल वही लोग चुनाव कार्यों में तैनात किए जाएंगे जो आवश्यक प्रशिक्षण पूरा कर लेंगे।
बयान में कहा गया है कि चुनाव आयोग का उद्देश्य पिछले चुनावों की तरह ही व्यवस्थित प्रशिक्षण पद्धति का पालन करते हुए सभी अधिकारियों की व्यापक तैयारी सुनिश्चित करना है।
डॉ. केलकर ने गलत सूचना के प्रसार के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की झूठी सामग्री फैलाना दंडनीय अपराध है। उन्होंने पुष्टि किया कि जिम्मेदार लोगों की पहचान करने एवं फर्जी संदेश का प्रसार रोकने के लिए साइबर पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है।
